पिछले दो वित्त-वर्ष शेयर बाजार और उसके साथ ही इक्विटी केंद्रित म्यूचुअल फंडों के लिए भी आशा-निराशा के बीच झूलते रहने वाले साबित हुए हैं। इस उठापटक ने शेयर बाजार और म्यूचुअल फंडों के प्रतिफल (रिटर्न) को बुरी तरह चोट पहुँचायी है। इस लिहाज से 2025-26 के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन वाले फंडों का चयन करना एक सहज अध्ययन नहीं है।
पर हमारी विशेष अध्ययन पद्धति ने इसमें अच्छी मदद की है, क्योंकि हर साल हम सर्वश्रेष्ठ फंडों का चयन करते समय यही देखते हैं कि कौन-से फंड चढ़ते बाजार में अच्छा लाभ दिलाने के साथ-साथ गिरावट के बीच पूँजी की रक्षा में भी सफल रहते हैं। इस कसौटी पर 2025-26 में खरे उतरने वाले सर्वश्रेष्ठ इक्विटी फंडों को आपके सामने प्रस्तुत कर रही है निवेश मंथन के मई 2026 अंक की आमुख कथा।
इस वार्षिक आयोजन में हमने इक्विटी फंडों और इक्विटी-केंद्रित हाइब्रिड फंडों की 12 श्रेणियों में 2025-26 के शीर्ष 5 विजेताओं को चुना है, पर इस चयन का आधार महज यह नहीं है कि 31 मार्च 2025 से 31 मार्च 2026 के बीच किन फंडों के एनएवी में बदलाव सबसे अच्छा रहा। हमने माई वेल्थ ग्रोथ के साथ अपनी विशेष अध्ययन पद्धति के आधार पर 1 साल से 5 साल तक के रोलिंग रिटर्न और तेजी-मंदी के अलग-अलग काल-खंडों में किये गये प्रदर्शन को आधार बनाया है। इस तरह, यह अंक आपके सामने 12 श्रेणियों में कुल 60 ऐसी म्यूचुअल फंड योजनाओं को सामने रखता है जो निरंतरता के साथ सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते रहे हैं।
साथ ही शेयर बाजार, सर्राफा बाजार और अर्थव्यवस्था से जुड़े लेख भी बेहद खास हैं। बदलती वैश्विक परिस्थितियों के बीच 2026-27 में भारतीय शेयर बाजार की कंपनियों की आय के आकलन, हाल में सरकार और आरबीआई की ओर से उठाये गये कदमों के प्रभाव, अर्थव्यवस्था की चाल, आरबीआई की मौद्रिक नीति, चाँदी के कारोबारियों के लिए एमसीएक्स की नयी पेशकश और जीवन बीमा बाजार में एलआईसी की नयी दिलचस्प योजनाओं के बारे में तमाम रोचक एवं जानकारियों से भरे लेख भी इस अंक में उपलब्ध हैं।
निवेश मंथन पत्रिका के इस अंक को निःशुल्क डाउनलोड करने के लिए नीचे दिये हुए लिंक पर क्लिक करें -
Nivesh Manthan Emagazine May 2026
(कॉपीराइट : निवेश मंथन)

